राजगढ़(ईएमएस)l कृषि विभाग ने गुरुवार को जनपद पंचायत खिलचीपुर सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें राजस्व विभाग के पटवारी, सहकारी समिति प्रबंधक, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और कृषि विस्तार अधिकारी शामिल हुए।अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रहलाद सिंह बारेला ने प्रतिभागियों को ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया सविस्तार समझाई, ताकि किसानों को उर्वरक वितरण में कोई परेशानी न हो। इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य उर्वरक वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता प्रदान करना है। ई-टोकन प्रणाली के तहत किसानों को उर्वरक प्राप्ति के लिए एक डिजिटल टोकन प्रदान किया जाता है, जिसमें उनकी आवश्यकता अनुसार उर्वरक की मात्रा, वितरण केंद्र, तिथि और समय का उल्लेख होता है। इससे किसानों को लंबी कतारों में लगने की झंझट खत्म हो जाती है। उप संचालक कृषि सचिन जैन द्वारा किसानों को संतुलित मात्रा में खाद डालने की सलाह देने के संबंध में विस्तार से बताया।-निखिल/राजगढ़/26/3/2026