:: उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्रों को दिया विशेष अवसर; पूरक परीक्षा परिणाम के कारण रुके छात्र भी करा सकेंगे एडमिशन :: इंदौर (ईएमएस)। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश नवीनीकरण (Admission Renewal) के लिए विशेष अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है। स्नातक (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष) तथा स्नातकोत्तर (तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षार्थियों के लिए अब प्रवेश पोर्टल 28 मार्च 2026 तक सक्रिय रहेगा। विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (उच्च शिक्षा) डॉ. दिवा मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष सुविधा उन विद्यार्थियों के लिए प्रदान की गई है, जो पूरक परीक्षा परिणामों की घोषणा में देरी के कारण निर्धारित समय-सीमा में अपनी प्रवेश औपचारिकताएं पूर्ण नहीं कर पाए थे। पोर्टल को पुनः सक्रिय कर दिया गया है ताकि संबंधित विद्यार्थी इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाकर अपना प्रवेश नवीनीकरण अनिवार्य रूप से पूर्ण कर सकें। :: प्राचार्यों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश :: विभाग ने समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले शेष पात्र विद्यार्थियों का तुरंत चिन्हांकन करें। सुनिश्चित किया जाए कि पात्र विद्यार्थियों का प्रवेश नवीनीकरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी हो जाए। :: सीमित समय के लिए अवसर :: उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा केवल सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है। सभी संबंधित विद्यार्थियों और संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी गई है, जिससे किसी भी विद्यार्थी की शैक्षणिक निरंतरता बाधित न हो। 28 मार्च के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा, अतः अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना प्रक्रिया पूर्ण करना आवश्यक है। प्रकाश/26 मार्च 2026