राज्य
26-Mar-2026
...


:: प्रदेश में 10.80 लाख मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य; बंद औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने और संपदा पोर्टल पर डेटा अपडेट करने के निर्देश :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्कफेड को एक आत्मनिर्भर, आधुनिक और व्यावसायिक रूप से सुदृढ़ संस्था बनाने के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर अमल किया जाए। बैठक में खाद वितरण व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष 10.80 लाख मीट्रिक टन उर्वरक भंडारण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके विरुद्ध 23 मार्च तक 6.70 लाख मीट्रिक टन का भंडारण सुनिश्चित किया जा चुका है। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने स्पष्ट किया कि किसानों को स्थानीय स्तर पर खाद की उपलब्धता में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने बकाया राशि की शीघ्र वसूली के निर्देश दिए ताकि उर्वरक कंपनियों को भुगतान समय पर किया जा सके। :: परिसंपत्तियों का होगा व्यावसायिक उपयोग :: संस्था की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए अचल संपत्तियों की डिजिटल मैपिंग कर उनका विवरण संपदा पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया है। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर सहित अन्य स्थानों पर बंद पड़ी औद्योगिक इकाइयों को पुनः प्रारंभ करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। उज्जैन स्थित पेट्रोल पंप को तत्काल शुरू करने और मुख्य मार्गों पर स्थित खाली भूमि पर नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स या पेट्रोल पंप स्थापित करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। :: गोदामों का शत-प्रतिशत उपयोग :: उपार्जन प्रक्रिया में संघ के पास उपलब्ध 7.84 लाख मीट्रिक टन क्षमता के 316 गोदामों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुराने और जर्जर गोदामों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। :: 15 दिनों में आएगी कायाकल्प रिपोर्ट :: मार्कफेड के कायाकल्प के लिए गठित विशेष अनुसंधान समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि को-ऑपरेशन अमंग को-ऑपरेटिव्स के सिद्धांत पर चलते हुए कृषि विपणन आंदोलन को राज्य स्तर पर और प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक में प्रबंध संचालक अभिजीत अग्रवाल, सचिव महेंद्र दीक्षित सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/26 मार्च 2026