देहरादून (ईएमएस)। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीते दिनों हुई हिंसक घटना के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), जिला कमेटी देहरादून ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने यूनिवर्सिटी में हुई घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प में एक छात्र की मौत ने शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दौरान एसएफआई के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण समाज में अपने व गैर की भावना और क्षेत्रवाद बढ़ा है, जिसका असर अब विश्वविद्यालयों में भी दिख रहा है। संगठन के अनुसार गुटबाजी और बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप से छात्रों में भय का माहौल बन रहा है। इस अवसर पर ज्ञापन में एसएफआई ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गुटबाजी व क्षेत्रवाद पर रोक लगाने की मांग की। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/26 मार्च 2026