खेल
26-Mar-2026


:: गांधीधाम में रोमांचक फाइनल में हरियाणा के वत्सल को हराया; पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता और राजदीप बिस्वास भी चमके :: गांधीधाम (ईएमएस)। यूटीटी 87वीं इंटर-स्टेट सब-जूनियर और कैडेट नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में गुजरात के उभरते खिलाड़ी विवान दवे ने इतिहास रच दिया। एम. पी. मित्तरा इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में विवान ने अंडर-15 बॉयज सिंगल्स का खिताब जीतकर गोल्डन डबल पूरा किया। इससे पहले वे इसी चैंपियनशिप में गुजरात को टीम खिताब जिताने में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। अंडर-15 वर्ग के खिताबी मुकाबले में विवान ने जबरदस्त वापसी का नमूना पेश किया। हरियाणा के वत्सल दुकान के खिलाफ पहले दो गेम हारने के बाद विवान ने धैर्य नहीं खोया और मुकाबला 6-11, 7-11, 13-11, 11-8, 14-12 से अपने नाम किया। सेमीफाइनल में विवान ने तमिलनाडु के आकाश राजवेलु को सीधे गेम में 11-7, 11-8, 12-10 से शिकस्त दी थी। इसी वर्ग के डबल्स फाइनल में तमिलनाडु के के. अक्षय भूषण और आकाश राजवेलु की जोड़ी ने पश्चिम बंगाल के आदित्य दास और ऋषाण चट्टोपाध्याय को 12-10, 6-11, 10-12, 11-6, 11-5 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। :: अंडर-13 और अंडर-11 में बंगाल का दबदबा :: अंडर-13 बॉयज सिंगल्स में पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता नेशनल चैंपियन बने। उन्होंने फाइनल में तमिलनाडु के एम. अश्वजीत को एकतरफा मुकाबले में 11-4, 11-4, 11-9 से मात दी। डबल्स में भी बंगाल के जेम महालनबिश और अरिव दत्ता ने पंजाब के त्रिजल वोहरा और सात्विक शर्मा को 11-8, 11-5, 15-13 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, अंडर-11 वर्ग के सिंगल्स फाइनल में बंगाल के राजदीप बिस्वास ने महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी को 12-10, 11-4, 11-6 से हराकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इससे पूर्व अंडर-15 सेमीफाइनल में वत्सल ने महाराष्ट्र के निलय पट्टेकर को कड़े मुकाबले में हराया था। अंडर-13 सेमीफाइनल में अरिव ने कर्नाटक के एम. सिद्धांत को मात दी थी, जबकि अश्वजीत ने पंजाब के त्रिजल को पराजित किया था। अंडर-11 के सेमीफाइनल मुकाबलों में राजदीप ने अर्जुन सेन को और राजवर्धन ने देवांशु चक्रवर्ती को सीधे गेम में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। प्रकाश/26 मार्च 2026