खेल
26-Mar-2026
...


:: मध्य प्रदेश लीग की मेजबानी भी इंदौर के नाम; आईपीएल के तुरंत बाद शुरू होगा रोमांच :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश क्रिकेट के सबसे बड़े टी-20 टूर्नामेंट एमपीएल 2026 के लिए बिगुल बज चुका है। इंदौर पिंक पैंथर्स ने अपनी रणनीतियों का खुलासा करते हुए भारतीय स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर पर अब तक का सबसे बड़ा दांव खेला है। टीम प्रबंधन ने अय्यर की प्रतिभा और अनुभव पर अटूट भरोसा जताते हुए उन्हें 12.50 लाख रुपये की रिकॉर्ड तोड़ राशि पर रिटेन किया है। इस ऐतिहासिक अनुबंधन के साथ ही वेंकटेश अय्यर लीग के इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। टीम ने न केवल उन्हें अपने साथ जोड़े रखा है, बल्कि आगामी सीजन के लिए कप्तानी की कमान भी एक बार फिर उन्हीं के अनुभवी कंधों पर सौंपी है। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण यह है कि एमपीएल 2026 का भव्य आयोजन पूरी तरह से इंदौर शहर में ही संपन्न होगा। अपने घरेलू मैदान पर मैच होने की खबर से स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट संदीप जैन ने इस फैसले को रणनीतिक बताते हुए कहा कि अय्यर के अंतरराष्ट्रीय अनुभव से युवा खिलाड़ियों को सही दिशा और आवश्यक आत्मविश्वास मिलेगा। आईपीएल 2026 के समापन के ठीक बाद शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में इंदौर पिंक पैंथर्स अपने घरेलू दर्शकों के समर्थन और होम ग्राउंड की परिस्थितियों का लाभ उठाकर खिताब जीतने के प्रबल इरादे के साथ मैदान में उतरेगी। इंदौर एक बार फिर पूरे प्रदेश के लिए क्रिकेट उत्सव का मुख्य केंद्र बनने जा रहा है। प्रकाश/26 मार्च 2026