:: म.प्र. टेनिस संघ की मेजबानी में 30 मार्च से होगी अंतरराष्ट्रीय सितारों की भिड़ंत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब के सिंथेटिक कोर्ट्स पर इंदौर ओपन एशियन जूनियर अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 30 मार्च से 3 अप्रैल तक किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को विदेशी दिग्गजों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट के क्वालीफाइंग दौर के मुकाबले 28 और 29 मार्च को खेले जाएंगे, जिसके लिए क्लब में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टूर्नामेंट डायरेक्टर परीक्षित शर्मा ने बताया कि इस स्पर्धा में एशिया के कई देशों सहित भारत के शीर्ष जूनियर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मध्यप्रदेश के मिरेश गिरधानी ने अपनी रैंकिंग के आधार पर मुख्य दौर में सीधा प्रवेश पा लिया है। इसके अतिरिक्त, बालक वर्ग में त्रिशिर धवन व हितार्थ सुराणा और बालिका वर्ग में वैदेही शुक्ला, आन्या राठी व वैदेही शिंदे को विशेष वाइल्ड कार्ड के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह दी गई है। मुख्य दौर का मुकाबला 32-32 खिलाड़ियों के ड्रॉ के साथ खेला जाएगा। :: सिंगापुर और जॉर्डन से मिली प्रविष्टियां :: क्वालीफाइंग राउंड के लिए स्थानीय खिलाड़ी ओजस मिश्रा, नैतिक जैन और रूहान तलरेजा को बालक वर्ग में सीधा प्रवेश मिला है। इस राउंड में 48-48 खिलाड़ियों का ड्रॉ रहेगा, जिसमें से सफल खिलाड़ी मुख्य स्पर्धा का हिस्सा बनेंगे। अब तक भारत के अलावा सिंगापुर और जॉर्डन जैसे देशों से बालक-बालिकाओं की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं, जो इस आयोजन के अंतरराष्ट्रीय कद को दर्शाती हैं। इंदौर टेनिस क्लब में कोर्ट के रख-रखाव के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। :: विशेषज्ञ रैफरी करेंगे टूर्नामेंट का संचालन :: भारतीय टेनिस संघ ने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के सफल संचालन हेतु पश्चिम बंगाल के सुराजित बंदोपाध्याय को मुख्य रैफरी नियुक्त किया है। उनके साथ देश और प्रदेश के कई अनुभवी रैफरी भी इस स्पर्धा को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न कराने में सहयोग करेंगे। म.प्र. टेनिस संघ का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को न केवल अनुभव मिलता है, बल्कि उनकी रैंकिंग सुधारने में भी मदद मिलती है। प्रकाश/26 मार्च 2026