राज्य
26-Mar-2026
...


:: शिप्रा तट पर संतों के सानिध्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम; श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को सांवेर क्षेत्र के केवड़ेश्वर घाट का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने संकल्प जताया कि आगामी वर्ष तक सांवेर क्षेत्र को पूर्ण रूप से सिंचित बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। लोकार्पण समारोह के दौरान मंत्री सिलावट ने कहा कि साधु-संतों की उपस्थिति में किया गया प्रत्येक कार्य सिद्ध और सफल होता है। इस पावन अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, श्रवण सिंह चावड़ा सहित खंडेल गुफा आश्रम के संत दर्शन गिरी महाराज एवं केवड़ेश्वर आश्रम के संत धर्मेंद्र गिरि महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां शिप्रा का विधिवत पूजन-अर्चन किया और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। :: घाट का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण :: केवड़ेश्वर घाट के लोकार्पण के साथ ही अब यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्नान की समुचित और व्यवस्थित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रशासन द्वारा घाट के सौंदर्यीकरण की योजना भी तैयार की गई है, जिससे यह स्थल धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में उभरेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन यंत्री महेश परमार एवं अनुविभागीय अधिकारी गजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित जल संसाधन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। :: सिंचाई परियोजनाओं पर विशेष ध्यान :: मंत्री ने अपने संबोधन में जल प्रबंधन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि सांवेर के प्रत्येक खेत तक पानी पहुँचाना शासन की प्राथमिकता है। जल संसाधन विभाग इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। आने वाले समय में सांवेर न केवल कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि जल संरक्षण के मामले में भी एक आदर्श प्रस्तुत करेगा। प्रकाश/26 मार्च 2026