क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


डमरूवाला, आकर्षक झांकियां और बैगा नृत्य बने केंद्र बालाघाट (ईएमएस). मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर 26 मार्च को शहर मुख्यालय भक्तिरस में डूबा नजर आया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए। सुबह से ही राजघाट स्थित पुराने श्रीराम मंदिर और गोंदिया रोड स्थित नए श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया, जहां सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और रामधुन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद शाम को शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्र में शामिल झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। गुरुवार की शाम को पुराने श्रीराममंदिर से प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो नगर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुये पीजी कॉलेज समीप स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में उज्जैन के डमरू वाले बाबा, राजनांदगांव की चलित झांकियां राम दरबार, भगवान भोलेनाथ माता पार्वती, पवन पुत्र हनुमान सहित विभिन्न झांकियां आर्कषक का केन्द्र रही। वहीं जिले का प्रमुख आदिवासी बैगा नृत्य जो शोभायात्रा में सामने चल रहा था दर्शकों के लिये आर्कषक रहा। जगह-जगह हुआ स्वागत, सेवा कार्य भी रहे जारी शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह रामभक्तों द्वारा पालकी में विराजित प्रभु भगवान श्रीराम की प्रतिमा की आरती उतारकर पूजा अर्चना की गई। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों सहित सनातनियों द्वारा शीतल जल, शरबत, आइस्क्रीम एवं फल बिस्कुट का वितरण किया गया। शोभायात्रा में करीब आधा दर्जन से अधिक जिले के प्रमुख डीजे धुमाल सहित बाहर से भी पहुंचे डीजे साउण्ड शामिल थे। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल रहे। वहीं पुराने श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। इसी तरह नये श्रीराम मंदिर में भी भंडारा वितरण किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर महाप्रसाद व भंडारा ग्रहण किया। 27-28 वर्षों की परंपरा बता दें कि करीब 27-28 वर्षो से पुराने श्रीराम मंदिर ट्रस्ट द्वारा रामनवमी पर प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। लेकिन गत तीन-चार वर्षो से विश्व हिन्दु परिषद भी श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के साथ संयुक्त रूप से शामिल होने से प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा को विशाल रूप में निकाला जा रहा है। अध्योध्या की तरह सजा शहर रामनवमी के एक सप्ताह से ही शहर को आर्कषक रंग-बिरंगी लाईटिंग व भगवा ध्वज से अयोध्या की तरह सजाया गया है। वहीं शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर भगवान श्रीराम व हनुमान सहित अन्य प्रतिमा विराजित की गई है। चौराहों में आर्कषक सजावट की गई है जिसे देखने हर दिन रात में लोगों की भीड़ लगी रहती थी। वहीं आम्बेडकर चौक में 23 मार्च की रात को संगीतमयी हनुमान चालीसा, 24 मार्च को राजनांदगावं के गणेश मिश्रा जी द्वारा सुंदरकांड की प्रस्तुति दी गई। 25 मार्च की रात श्री श्री गणेश उत्सव समिति अयोध्या नगर लूधरवाड़ा सिवनी के द्वारा प्रभु श्रीराम की महाआरती की गई। 26 मार्च को रामनवमी पर्व पर दिन भर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इन मार्गो से निकली शोभायात्रा शोभायात्रा पुराने श्रीराम मंदिर से शुरू होकर दीक्षित बुक डिपो गली से होते हुए कालीपुतली चौक पहुंची। जहां से शोभायात्रा मेन रोड राजघाट चौक, गुजरी होते हुये महावीर चौक, सराफा बाजार से हनुमान चौक पहुंची। जहां भव्य आतिशबाजी की गई। तत्पश्चात शोभायात्रा गोंदिया रोड नये श्रीराम मंदिर के सामने से होते हुए आम्बेडकर चौक पहुंची। जहां रंग-बिरंगी आतिशबाजी का नजारा प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात शोभायात्रा पीजी कॉलेज समीप हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जहां हनुमान जी की पूजा अर्चना कर महाप्रसादी का वितरण किया गया। आतिशबाजी देखने शहरवासियों के अलावा आस-पास गांव के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रामनवमी पर्व पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवान तैनात किए गये थे। इसके अलावा शोभायात्रा में भी पुलिस अधिकारी सहित पुलिस जवान शामिल रहे। वहीं नपा द्वारा भी किसी तरह की आगजनी होने पर तत्काल काबू पाया जा सकें इसको लेकर फायर बिग्रेड भी चौराहों पर खड़ा कर दिया गया था व फायरकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। भानेश साकुरे / 26 मार्च 2026