फिरोजाबाद(ईएमएस)जीआरपी टूंडला और आरपीएफ टूंडला की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर ट्रैक पर गिरे युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। क्या हुआ घटनाक्रम 25 मार्च 2026 को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ट्रेन संख्या पूर्वा एक्सप्रेस 12304 शाम 8:18 बजे आई और 8:20 बजे रवाना हुई। इसी दौरान एक 28 वर्षीय यात्री, जो आगरा में तैनात एयरफोर्स जवान बताया गया है, चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ा। ट्रेन में चढ़ते समय युवक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे ट्रैक पर गिर गया। मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे कंट्रोल रूम और लोको पायलट से संपर्क किया। अपनी जान की परवाह किए बिना युवक को ट्रैक से बाहर निकाला। मौके पर मिला उपचार घटना के तुरंत बाद रेलवे की चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, जहां युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने युवक को सुरक्षित बताया। इसके बाद उसे आगे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई। ईएमएस