बालाघाट (ईएमएस). जिला शिक्षा अधिकारी एके उपाध्याय द्वारा 26 मार्च को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के सभा कक्ष में जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक एवं हाई स्कूल प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि नवीन शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से प्रारंभ हो रहा है। इस अवसर पर प्रवेश उत्सव को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए सभी प्राचार्यों को विद्यालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सजावट, रंगोली, पेंटिंग एवं सेल्फी पॉइंट तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पालकों को आमंत्रित करने के लिए भी कहा गया। बैठक में 19 मार्च से 30 जून तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए तिथिवार कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके अनुसार निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर एवं रंगोली, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड कार्यालयों में प्राप्त पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिलों का वितरण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्राचार्यों को कहा गया कि वे सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों में वितरण करें तथा इसकी ऑनलाइन एंट्री भी पोर्टल पर दर्ज करें। बैठक में कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए मई माह में आयोजित होने वाली द्वितीय परीक्षा की तैयारी हेतु विशेष कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। टाइमटेबल मंडल कार्यालय द्वारा जारी किया जा चुका है। बैठक में लंबित एमपीटीएएएससी एवं छात्रवृत्ति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, हमारे शिक्षक एप पर शिक्षकों की 100 प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने, प्रवेश प्रक्रिया 24 मार्च से प्रारंभ, 31 मार्च तक शत-प्रतिशत नामांकन पूरा करने, किसी भी विद्यालय में ड्रॉपआउट की स्थिति न बनने देने के सख्त निर्देश दिये गए। भानेश साकुरे / 26 मार्च 2026