बालाघाट (ईएमएस). उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश शासन भोपाल ऊषा अजय सिंह द्वारा 26 मार्च को विभिन्न जिलें के सहायक आयुक्त के साथ वीडियों कांफ्रेंस के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं, विशेष रूप से छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने एवं उनकी तैयारी को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। वीसी में बताया गया कि मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक एवं जेल विभाग के अंतर्गत जेल प्रहरी पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसमें वनरक्षक की भर्ती के लिए विशेष रूप से मध्यप्रदेश के विशेष आदिम जनजाति समुदाय जैसे बैगा, सहारिया एवं भारिया वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अलग प्रावधान किए गए हैं। इन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र आवश्यक प्रमाण-पत्रों सहित सीधे संबंधित विभाग को निर्धारित प्रारूप में प्रेषित करना होगा। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शकुंतला डामोर द्वारा जिले के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में संचालित विद्यालयों के सभी प्राचार्यों की बैठक बुलायी गई। बैठक में सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे जिले में निवासरत बैगा समुदाय के छात्र छात्रा? जो 10वीं उत्तीर्ण है, उनके वन रक्षक के पद के लिए आवेदन फार्म ऑफलाईन वन मंडलाधिकारी कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि कक्षा 11वीं एवं 12 वीं के पीव्हीटीजी छात्र-छात्राओं, जो अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित नहीं हो रहे हैं, उनका अनिवार्य रूप से इन भर्तियों के लिए आवेदन भरवाया जाना है। सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे इस कार्य को मिशन मोड में करें जिससे अधिक से अधिक बैगा समुदाय के छात्र छात्राओं के फार्म जमा कर उन्हें लाभान्वित किया जा सके। भानेश साकुरे / 26 मार्च 2026