:: राजवाड़ा स्थित देवस्थान में हुआ भव्य राज्याभिषेक; महारानी उषा देवी की इच्छा पर सौंपी गई कुल की जिम्मेदारी :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा की ऐतिहासिक विरासत और होलकर राजवंश के इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। इंदौर की महारानी उषा देवी की इच्छानुसार, श्रीमंत युवराज यशवंत राव होलकर बहादुर को आधिकारिक तौर पर होलकर राजपरिवार का नया उत्तराधिकारी घोषित किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजवाड़ा स्थित मल्हारी मार्तंड देवस्थान में एक निजी गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। होलकर परिवार के राजगुरु डॉ. विजय राजोपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में युवराज ने कुलदेवता भगवान मल्हारी मार्तंड का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामनवमी के पावन पर्व पर हुए इस अनुष्ठान में राजपरिवार के सदस्यों सहित पूर्व रियासत के प्रतिष्ठित जन उपस्थित रहे। उत्तराधिकारी घोषित होने के बाद युवराज यशवंत राव होलकर ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा: मेरी बुआ महारानी उषा देवी द्वारा सौंपी गई यह जिम्मेदारी मेरे लिए सर्वोच्च सम्मान है। आधुनिक युग में होलकर परिवार की भूमिका विकसित हुई है। हमारी प्राथमिकता खासगी ट्रस्ट के माध्यम से पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर के परोपकारी और धार्मिक कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विरासत संरक्षण के लिए होलकर सांस्कृतिक केंद्र और हथकरघा के पुनरुद्धार के लिए रेवा सोसाइटी व वुमनवीव के माध्यम से कार्य करने का संकल्प भी दोहराया। समारोह के दौरान युवराज ने अपने पिता महाराज प्रिंस रिचर्ड (शिवाजीराव होलकर), माता पद्मश्री शालिनी देवी और दादा महाराजाधिराज यशवंतराव द्वितीय सहित वंश के संस्थापक सूबेदार मल्हारराव होलकर को नमन किया। अनुष्ठानों के पश्चात पूर्व इंदौर रियासत के सरदारों, दरबारियों, दरकदारों और ठाकुरों का एक विशेष दरबार भी आयोजित किया गया, जिसमें युवराज का पारंपरिक अभिवादन किया गया। प्रकाश/26 मार्च 2026