खेल
27-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सनराईज हैदराबाद के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के नियमित कप्तान पैंट कमिंस, जो लंबे समय से बैक इंजरी से जूझ रहे थे, अब धीरे-धीरे फिटनेस की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी वापसी के संकेत देते हुए बताया कि मैदान पर लौटना उन्हें अच्छा लग रहा है। कमिंस ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में भी अपनी रिकवरी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह अब नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर चुके हैं और तय रिहैब प्लान के अनुसार धीरे-धीरे अपना वर्कलोड बढ़ा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि ज्यादा समय तक बाहर नहीं रहना पड़ेगा। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि वह फिलहाल हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहे हैं और टीम मैनेजमेंट के साथ मिलकर ऐसा प्लान तैयार किया गया है, जिससे वह टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से तक पूरी तरह फिट हो सकें। उनका लक्ष्य है कि लीग के अंतिम चरण और संभावित प्लेऑफ मुकाबलों में टीम के लिए उपलब्ध रहें। गौरतलब है कि कमिंस को यह चोट पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान लगी थी, जिसके कारण वह टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किसन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। इस बीच टीम को एक और झटका लगा है, क्योंकि ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में कमिंस की वापसी टीम के लिए और भी अहम हो जाती है। आईपीएल में कमिंस के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 72 मैचों में 79 विकेट लिए हैं। इसके अलावा बल्ले से भी उन्होंने 600 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 34 रन देकर 4 विकेट रहा है। ऐसे में अगर वह टूर्नामेंट के दूसरे चरण में वापसी करते हैं, तो यह एसआरएच के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। एसआरएच का स्क्वाड पैट कमिंस, ईशान किशन, सलील अरोड़ा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, रविचंद्रन स्मरण, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, क्रेयंस फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टन, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, शिवम मावी, शिवांग कुमार, जैक एडवर्ड्स, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, एशान मलिंगा, डेविड पेन, साकिब हुसैन, ओमकरा तरमले, जयदेव उदानकत, जीशान अंसारी। डेविड/ईएमएस 27 मार्च 2026