नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के लिए ओपनिंग करने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे समय पर लिया गया यह फैसला दिल्ली की तैयारियों पर सीधा असर डाल सकता है, जब सभी टीमें अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दे रही हैं। डकेट के इस कदम के बाद बीसीसीआई उनके खिलाफ सख्त रुख अपना सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टूर्नामेंट से अचानक हटने के कारण उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है, जिससे वह आगामी दो सीजन में आईपीएल का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इससे पहले हैरी ब्रुक पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स के एक सूत्र ने पुष्टि की है कि डकेट ने फ्रेंचाइजी को अपनी अनुपलब्धता के बारे में सूचित कर दिया है। टीम प्रबंधन अब उनके विकल्प की तलाश में जुट गया है और जल्द ही नए खिलाड़ी के नाम की घोषणा की जा सकती है। नीलामी में डकेट को 2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और उनसे उम्मीद थी कि वह केएल राहुल के साथ टीम को मजबूत शुरुआत देंगे। डकेट ने अपने फैसले के पीछे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को प्राथमिकता देने की वजह बताई है। उन्होंने हालिया प्रदर्शन को निराशाजनक बताते हुए कहा कि वह अपने करियर पर दोबारा ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। एशेज सीरीज में उनका प्रदर्शन औसत रहा था, वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला, जिसने उनके फैसले को और मजबूती दी। 31 वर्षीय डकेट ने इस फैसले को मुश्किल बताते हुए दिल्ली के प्रशंसकों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े मंच पर खेलने का मौका उनके लिए खास था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनकी उम्र को देखते हुए भविष्य में आईपीएल में वापसी आसान नहीं होगी, हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि कभी न कभी वह दिल्ली के लिए खेल सकेंगे। अब देखना होगा कि दिल्ली कैपिटल्स इस झटके से कैसे उबरती है और क्या टीम को डकेट का मजबूत विकल्प समय रहते मिल पाता है या नहीं। डेविड/ईएमएस 27 मार्च 2026