टोरंटो (ईएमएस)। कनाडा के टोरंटो के पोर्ट लैंड्स इलाके में चल रहे एक निर्माण और रिवर एन्हांसमेंट प्रोजेक्ट की खुदाई में निकली मिट्टी से अचानक अजीबोगरीब पौधे उगने लगे। प्रक्रति के इस अद्भुत नजारे को देखने वाले लोग अचंभित रह गए। यहां खुदाई के दौरान करीब 7 मीटर गहराई से निकाली गई मिट्टी में कैटटेल (टाइफा), बलरश और अन्य वेटलैंड प्रजातियों के पौधे उगते नजर आए। खास बात यह रही कि ये पौधे आज के टोरंटो क्षेत्र में सामान्य तौर पर नहीं पाए जाते। इस असामान्य घटना ने वहां काम कर रहे लोगों को हैरान कर दिया, जिसके बाद इसकी जानकारी वैज्ञानिकों को दी गई। जांच में सामने आया कि ये पौधे दरअसल 100 साल से भी ज्यादा पुराने बीजों से उगे हैं, जो जमीन के भीतर दबे हुए थे। ये बीज पुराने अशब्रिजेस बे मार्श के समय के हैं, जिसे 1900 के शुरुआती वर्षों में लैंडफिल के जरिए ढक दिया गया था। मिट्टी में दबे रहने के दौरान ये बीज निष्क्रिय यानी ‘डॉर्मेंट’ अवस्था में सुरक्षित बने रहे। यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के वैज्ञानिकों, जिनमें सारा ए. फिंकलस्टीन और शेल्बी रिस्किन शामिल हैं, ने इस पर विस्तृत अध्ययन किया। उनके अनुसार, अधिकांश बीज 1800 के दशक के हैं, जबकि एक बीज की उम्र करीब 1500 ईस्वी की पाई गई। इसके अलावा, मिट्टी के नमूनों में अमेरिकन चेस्टनट जैसे विलुप्त हो चुके पेड़ का पराग (पोलन) भी मिला। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये बीज पानी से भरी पीट वाली मिट्टी में ऑक्सीजन की कमी के कारण सुरक्षित रहे। जैसे ही खुदाई के बाद इन्हें धूप, हवा और नमी मिली, ये फिर से सक्रिय हो गए और अंकुरित होने लगे। यह घटना ‘सीड बैंक’ की उस क्षमता को दर्शाती है, जिसमें बीज दशकों या सदियों तक जीवित रह सकते हैं। यह खोज 2021-2022 के दौरान सामने आई, जब कंस्ट्रक्शन साइट पर अचानक पौधों की वृद्धि देखी गई। इसके बाद वाटरफ्रंट टोरंटो और टोरंटो रीजन कंजर्वेशन अथॉरिटी ने मिट्टी के सैंपल एकत्र किए और ग्रीनहाउस में उनका परीक्षण किया। कई प्रजातियां सफलतापूर्वक उगाई गईं। साल 2023 में इन पौधों को दोबारा पोर्ट लैंड्स क्षेत्र में लगाया गया, जहां वे अब मूल जैव विविधता को बहाल करने में मदद कर रहे हैं। यह प्रोजेक्ट डॉन रिवर के पुनर्स्थापन का हिस्सा है, जो कभी प्रदूषण और औद्योगिकीकरण के कारण बुरी तरह प्रभावित हो गया था। दुनिया में इससे पहले भी प्राचीन बीजों के अंकुरित होने के उदाहरण मिल चुके हैं, जैसे रूस में 32,000 साल पुराने बीज या इजराइल में 2000 साल पुराने खजूर के बीज। सुदामा/ईएमएस 28 मार्च 2026