कुवैत सिटी (ईएमएस)। कुवैत में एक शादी मात्र तीन मिनट के भीतर ही खत्म हो गई। इस शादी को अब देश की सबसे छोटी शादी माना जा रहा है। रिश्तों की नींव भरोसे और सम्मान पर टिकी होती है, लेकिन जब शुरुआत ही अपमान से हो जाए तो रिश्ता टिकना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही मामला सामने आया है कुवैत से। जानकारी के मुताबिक, कुवैत के एक कोर्ट हाउस में दूल्हा-दुल्हन ने शादी की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। जज ने दोनों को पति-पत्नी घोषित कर दिया और उन्होंने आधिकारिक कागजों पर हस्ताक्षर भी कर दिए। लेकिन कोर्ट रूम से बाहर निकलने से पहले ही यह रिश्ता टूट गया। घटना तब हुई जब शादी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुल्हन बाहर निकलते समय हल्का सा लड़खड़ा गई और गिरते-गिरते बची। इस नाजुक पल में जहां उसे सहारे की जरूरत थी, वहीं दूल्हे ने मदद करने के बजाय उसका मजाक उड़ा दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, दूल्हे ने सबके सामने दुल्हन को “बेवकूफ” कह दिया। यह सुनते ही दुल्हन को गहरा धक्का लगा और वह भावनात्मक रूप से आहत हो गई। जिस व्यक्ति के साथ वह जिंदगी बिताने जा रही थी, उसी के इस व्यवहार ने उसे तुरंत फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। दुल्हन ने बिना समय गंवाए जज के पास जाकर शादी को रद्द करने की मांग की। चूंकि जज इस पूरी घटना के प्रत्यक्ष गवाह थे, उन्होंने दुल्हन की बात को गंभीरता से लिया और तुरंत विवाह को निरस्त करने का आदेश दे दिया। इस तरह, कागजों पर पति-पत्नी बनने के महज तीन मिनट बाद ही दोनों का रिश्ता कानूनी तौर पर समाप्त हो गया। यह घटना अब कुवैत के इतिहास की सबसे छोटी शादी के रूप में चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स दुल्हन के फैसले की सराहना कर रहे हैं और इसे आत्मसम्मान की मिसाल बता रहे हैं। उनका कहना है कि जिस रिश्ते की शुरुआत ही अपमान से हो, उसे आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं होता। वहीं, कुछ लोग इसे छोटी सी गलती मानते हुए दूल्हे को माफ करने की बात भी कह रहे हैं। फिलहाल, यह मामला इस बात की याद दिलाता है कि किसी भी रिश्ते में सम्मान और संवेदनशीलता कितनी जरूरी होती है। सुदामा/ईएमएस 28 मार्च 2026