राष्ट्रीय
28-Mar-2026
...


अमरोली इलाके में चाय की टपरी के पास चल रहा था अवैध धंधा, 800 लीटर घटिया डीजल व टैंकर जब्त सूरत,(ईएमएस)। गुजरात के सूरत में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित एक फर्जी पेट्रोल पंप का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहर के अमरोली इलाके में की गई, जहां चाय की एक टपरी के पास लंबे समय से सस्ते दामों पर घटिया गुणवत्ता का डीजल बेचा जा रहा था। पुलिस के अनुसार, अमरोली-वेलंजा रोड स्थित अंजनी इंडस्ट्रीज कैनाल के पास आरोपियों ने अवैध रूप से पेट्रोल पंप जैसा सेटअप तैयार कर रखा था। यहां ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर खराब क्वालिटी का डीजल बेचा जाता था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और पूरे रैकेट का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 800 लीटर डीजल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 61,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो टैंकर और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 22.70 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में 43 वर्षीय भरत केरासिया और 32 वर्षीय महेश खिसडिया को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में दो अन्य लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अमरोली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे और सस्ते ईंधन के नाम पर लोगों को ठग रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह डीजल कहां से लाया जा रहा था और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। हिदायत/ईएमएस 28मार्च26