नई दिल्ली(ईएमएस)। देश में चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार से केरल में अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करने जा रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे पलक्कड़ के फोर्ट मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे दक्षिण भारत में अपनी पार्टी की पैठ मजबूत करने का प्रयास करेंगे। इसके पश्चात, शाम 4:45 बजे त्रिशूर में उनके एक भव्य रोड शो का आयोजन किया गया है। वहीं दूसरी ओर, विपक्षी खेमे में भी बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जहां राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और गठबंधन के समीकरणों पर मंथन किया गया। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम दौरे के दौरान एनडीए की जीत का बड़ा दावा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि असम में एनडीए तीसरी बार सरकार बनाएगी और राज्य की 126 सीटों में से 90 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। अमित शाह आज भी राज्य में जनसभाओं को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। चुनाव प्रचार के बीच पश्चिम बंगाल के बीरभूम से एक दुर्घटना की खबर भी आई, जहां टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी की रैली के बाद मंच के एक हिस्से में आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस बीच, तमिलनाडु में भी गठबंधन का स्वरूप स्पष्ट हो गया है, जहाँ डीएमके ने कांग्रेस को 28, डीएमडीके को 10 और अन्य क्षेत्रीय दलों को सीटें आवंटित की हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/29मार्च2026