ज़रा हटके
30-Mar-2026
...


पेरिस (ईएमएस)। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का माना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, खासकर पानी पीने जैसी बुनियादी आदत को। दिनभर पर्याप्त पानी न पीने की वजह से शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, जो धीरे-धीरे कई गंभीर बीमारियों का कारण बन जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर का बड़ा हिस्सा पानी से बना होता है, इसलिए इसका संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों की सलाह है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में कम से कम 7 से 8 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर डिटॉक्स रहता है, पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है और शरीर के सभी अंग सुचारु रूप से कार्य करते हैं। इसके विपरीत, जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो इसका असर सीधे आंतरिक प्रणाली पर पड़ता है और कई स्वास्थ्य समस्याएं जन्म लेने लगती हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि शरीर समय-समय पर पानी की कमी के संकेत देता है, लेकिन लोग अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर डिहाइड्रेशन का कारण बनती है। इसके शुरुआती लक्षणों में मुंह और त्वचा का सूखना शामिल है। इसके अलावा, यूरिन का रंग भी पानी की कमी का अहम संकेत होता है। यदि यूरिन गहरे पीले रंग का हो, तो यह दर्शाता है कि शरीर को अधिक पानी की जरूरत है, जबकि सामान्य स्थिति में इसका रंग हल्का होना चाहिए। लगातार थकान महसूस होना भी पानी की कमी का एक बड़ा संकेत है। जब शरीर में पर्याप्त पानी नहीं होता, तो ऊर्जा का स्तर गिरने लगता है, जिससे व्यक्ति हर समय थका हुआ महसूस करता है और उसकी कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। अगर बिना ज्यादा मेहनत के भी थकावट बनी रहती है, तो यह संकेत हो सकता है कि शरीर हाइड्रेशन की कमी से जूझ रहा है। लंबे समय तक पानी की कमी बने रहने पर इसका असर किडनी और अन्य अंगों पर भी पड़ सकता है। इससे किडनी संबंधी समस्याएं, पाचन संबंधी दिक्कतें और अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं। इसलिए समय रहते सतर्क रहना बेहद जरूरी है। खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं। दिनभर में नियमित अंतराल पर पानी पीना, बाहर जाते समय पानी की बोतल साथ रखना और अपनी डाइट में नारियल पानी, ताजे फल और जूस शामिल करना फायदेमंद होता है। इसके साथ ही संतुलित और पौष्टिक आहार लेना भी शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। सुदामा/ईएमएस 30 मार्च 2026