मुंबई (ईएमएस)। 70 और 80 के दशक में ‘मॉडर्न हीरोइन’ की परिभाषा बदलने वाली मशहूर अभिनेत्री जीनत अमान आज भी अपने अंदाज और विचारों के कारण सुर्खियों में बनी रहती हैं। एक बार फिर जीनत अमान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस का दिल जीत लिया है। हाल ही में अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह सुकून भरे पलों का आनंद लेती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने मां और बच्चों के रिश्ते को लेकर दिल की बात कही। जीनत अमान ने सवाल किया कि क्या वह अकेली ऐसी मां हैं, जिन्हें यह शिकायत रहती है कि उनके बड़े बच्चे उनके साथ पर्याप्त समय नहीं बिताते। उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें लग रहा था कि उनकी यह शिकायत शायद कोई नहीं सुन रहा, लेकिन उनकी सोच गलत साबित हुई। इस महीने की शुरुआत में उनके छोटे बेटे ने उनके लिए गोवा में खास मां-बेटे की छुट्टी प्लान की। अपने पोस्ट में उन्होंने अन्य माता-पिता और बच्चों के लिए भी खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर आपके बच्चे बड़े हो चुके हैं और व्यस्त रहते हैं, तो उनसे समय मांगने में हिचकिचाना नहीं चाहिए। वहीं, बच्चों को भी यह समझना चाहिए कि माता-पिता हमेशा साथ नहीं रहते, इसलिए उनके साथ बिताया गया समय बेहद कीमती होता है। अभिनेत्री ने अपनी इस यादगार छुट्टी के लिए ‘एल्सव्हेयर गोवा’ की टीम और डेंजिल का आभार भी जताया, जिन्होंने इस अनुभव को और खास बना दिया। उन्होंने बताया कि वह अब भी उस छुट्टी के सुकून भरे एहसास में डूबी हुई हैं। अंत में जीनत अमान ने अपने फैंस से अपील की कि वे भी अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर अपने माता-पिता के साथ कुछ खास पल जरूर बिताएं, क्योंकि यही पल जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादें बनते हैं। इस ट्रिप ने उन्हें मानसिक शांति और सुकून का एहसास कराया। जीनत ने इसे वैसी ही शांत, निजी और आरामदायक छुट्टी बताया, जिसकी उन्हें लंबे समय से जरूरत थी। सुदामा/ईएमएस 30 मार्च 2026