मुंबई (ईएमएस)। मशहूर गायक कुमार सानू एक बार फिर अपने पुराने दिनों की यादों में डूबते नजर आए हैं। कुमार सानू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने 90 के दशक के डुएट सॉन्ग ‘मस्ती भरा है ये समा’ की रिकॉर्डिंग की झलक दिखाई। यह गाना फिल्म दिल है कि मानता नहीं से जुड़ा है, जो आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस वीडियो के साथ गायक ने उस दौर की यादों को भी साझा किया, जिसने उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कुमार सानू ने लिखा कि 90 के दशक में उन्होंने कई गानों की रिकॉर्डिंग की थी, जिनकी पुरानी टेप्स आज भी स्टूडियो में सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हर गाने के साथ एक खास भावना और याद जुड़ी होती है, जो आज भी उनके दिल के बेहद करीब है। इस गाने को सुनते ही वह सीधे उस समय के रिकॉर्डिंग सेशन में पहुंच जाते हैं, जहां संगीत, जुनून और यादगार लोगों का संगम होता था। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान का माहौल बेहद जीवंत और मस्ती से भरा हुआ करता था। साथ ही उन्होंने संगीत जगत के दिग्गज गुलशन कुमार को भी याद किया। सानू ने कहा कि गुलशन कुमार की दूरदर्शिता और संगीत के प्रति समर्पण ने कई शानदार गीतों को जन्म दिया और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने किशन कुमार और भूषण कुमार के साथ बिताए पलों को भी खास बताया। इस फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया था, जबकि इस गीत को अनुराधा पौडवाल और कुमार सानू ने अपनी आवाज दी थी। गाने के बोल समीर ने लिखे थे और संगीत नदीम–श्रवण ने तैयार किया था। अंत में कुमार सानू ने भावुक अंदाज में लिखा कि कुछ गाने पूरी दुनिया के लिए बनते हैं, जबकि कुछ खास पलों के लिए। गौरतलब है कि ‘मस्ती भरा है ये समा’ फिल्म का अनरिलीज्ड सॉन्ग है, लेकिन इसकी रिकॉर्डिंग से जुड़ी झलकियां आज भी सोशल मीडिया पर लोगों को उस दौर की याद दिलाती हैं। हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर के गाने आज भी श्रोताओं के दिलों में खास जगह रखते हैं। 90 के दशक का संगीत ऐसा था, जिसे एक बार सुनने के बाद लोग बार-बार गुनगुनाते थे। सुदामा/ईएमएस 30 मार्च 2026