मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के प्रतिष्ठित भट्ट परिवार से ताल्लुक रखने वाले मशहूर निर्देशक मोहित सूरी एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में मोहित सूरी ने अपनी कजिन पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अपने जीवन, करियर और निजी अनुभवों पर खुलकर बात की। इस बातचीत में हंसी-मजाक के साथ-साथ कई ऐसे पल भी आए, जिन्होंने भावनात्मक रूप से गहरा असर छोड़ा। इस पूरे पॉडकास्ट को सुनने के बाद दिग्गज फिल्ममेकर महेश भट्ट खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाए। मोहित की इस बातचीत से प्रभावित होकर महेश भट्ट ने उनके नाम एक खास नोट लिखा, जिसे पूजा भट्ट ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। अपने संदेश में महेश भट्ट ने मोहित की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी बातचीत ने उन्हें भीतर तक छू लिया। उन्होंने कहा कि इस संवाद में जहां एक ओर खुशी, मस्ती और चमक थी, वहीं इसके पीछे छिपा दर्द, यादें और संघर्ष भी साफ झलक रहे थे। महेश भट्ट ने अपने नोट में आगे लिखा कि कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जिन्हें दिल बिना चाहे भी महसूस कर लेता है। उन्होंने मोहित की अब तक की यात्रा को सराहते हुए कहा कि उन्हें बिना शोर-शराबे के अपनी पहचान बनाते और ऊंचाइयों तक पहुंचते देखना उनके लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। उन्होंने जीवन के दर्शन पर बात करते हुए कहा कि हम किसी एक कहानी के केंद्र नहीं होते, बल्कि जिंदगी ही एक बड़ी कहानी होती है, जिसमें हम सभी सिर्फ एक-एक किरदार की तरह अपने हिस्से का योगदान देते हैं। महेश भट्ट ने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने समय में अपना सफर तय किया और अब वही चमक मोहित के हिस्से में है। अपने संदेश के अंत में उन्होंने मोहित को प्रेरित करते हुए कहा कि वह उसी सच्चाई और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ते रहें, क्योंकि जिंदगी का यही सिलसिला है एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक रोशनी का आगे बढ़ना। सुदामा/ईएमएस 30 मार्च 2026