रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के घर से 17 लाख रुपए नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। यह रकम घर की आलमारी में रखी हुई थी, जो दिनदहाड़े गायब हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार कटोरा तालाब इलाके निवासी कारोबारी नमित कांकरिया, जो सुमित ज्वेलर्स और शुभम के मार्ट से जुड़े हैं, ने बताया कि 28 मार्च की रात उन्होंने 17 लाख रुपए आलमारी में रखे थे। अगले दिन सुबह तक रकम सुरक्षित थी, लेकिन दोपहर में घर लौटने पर आलमारी से पूरी रकम गायब मिली। घटना के बाद कारोबारी ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी पैसे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि चोरी की वारदात किसी परिचित व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है, जिसे घर और आलमारी में रखी रकम की जानकारी थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मार्च 2026