नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में इस साल मार्च में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई, फिर भी गर्मी ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो चार सालों में सर्वाधिक है। रातें भी गर्म रहीं। मौसम विभाग ने अप्रैल-मई में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है, जबकि वसंत ऋतु छोटी होती जा रही है। सोमवार को हल्की वर्षा का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में इस साल मार्च के महीने में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिला है। मौसम विभाग के आंकड़ों पर जाएं तो मार्च में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा होने के बावजूद गर्मी ने सालों सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फरवरी के बाद मार्च का महीना भी सामान्य से अधिक गर्म रहा है, जो आने वाले अप्रैल और मई माह में भी भीषण गर्मी का संकेत दे रहा है। मौसम विभाग इस साल पहले ही मार्च से मई माह के दौरान प्रचंड गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जारी कर चुका है। इस मार्च में औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। 11 मार्च को तापमान 36.8 डिग्री तक जा पहुंच गया था। 2022 में मार्च का औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रहा था। तब से चार सालों में यह सर्वाधिक है।