नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के कई राज्यों में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी ऑफिसों में बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी श्रीनिवास लुईस को गुरुवार को मैसूर के वृंदावन लेआउट में स्थित एक मकान से पकड़ा गया है। दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी ऑफिसों में बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी युवक को कर्नाटक के मैसूर से दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक पुलिस की सहायता से दबोचा है। आरोपी के पास से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इन सभी को जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे मैसूर कोर्ट में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है। आरोपी से आगे की पूछताछ दिल्ली में की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अकेले ही यह कृत्य किया या इसमें उसका कोई साथी भी शामिल था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लैपटॉप को खंगाला जा रहा है। अभी तक की जांच में 1,100 ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने ये ई-मेल क्यों भेजे, इसके पीछे उसका क्या मकसद था। ऐसे ही कई सवालों के जवाब के लिए आरोपी से जल्द पूछताछ शुरू की जाएगी। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/मार्च/2026