राज्य
30-Mar-2026
...


- CM साय बोले - छत्तीसगढ़ का ज्यादा जिक्र होगा रायपुर(ईएमएस)। देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के प्रयासों पर आज लोकसभा में महत्वपूर्ण चर्चा होने जा रही है। यह बहस ऐसे समय में हो रही है जब केंद्र सरकार द्वारा तय की गई 31 मार्च 2026 की डेडलाइन खत्म होने में अब केवल एक दिन बचा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस चर्चा में छत्तीसगढ़ का ही ज्यादा जिक्र होने वाला है। उन्होंने कहा, “भारी मात्रा में नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में ही बचा हुआ था। चार दशक से ज्यादा समय से नक्सलवाद विकास में बड़ा रोड़ा बना हुआ था। हम उसे समाप्त करने में सफल हो रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए बहुत अच्छा है। बता दें कि लोकसभा सचिवालय ने इस विषय को नियम 193 के तहत सूचीबद्ध किया है। इस नियम के तहत अल्पकालिक चर्चा होती है, जिसमें मतदान नहीं होता, लेकिन सरकार को जवाब देना अनिवार्य होता है। सीएम साय ने प्रदेश में वायु सेवाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए नई फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है। इसके अलावा बीती रात बिलासपुर में नाइट लैंडिंग और टेक-ऑफ की सुविधा का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वायु सेवा में लगातार वृद्धि हो रही है। भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापना को लेकर सीएम साय ने बताया कि मूर्ति चंदखुरी पहुंच चुकी है। अब इसे स्थापित किया जाएगा। इसके लिए शुभ मुहूर्त निकलवाया जा रहा है। बीजेपी के ‘गांव चलो अभियान’ पर सीएम ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा लोगों के बीच खड़ी रहती है। 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक संगठन के कार्यकर्ता गांवों में जाएंगे, लोगों से मुलाकात करेंगे और पार्टी की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों तथा योजनाओं की जानकारी देंगे। खाद की कमी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति का प्रभाव पूरे विश्व के साथ हमारे देश में भी पड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऑयल, गैस और फर्टिलाइजर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। सभी संबंधित एजेंसियों से बातचीत की गई है और जेपी नड्डा से भी संपर्क हुआ है। किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का पर्याप्त स्टॉक रखा जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मार्च 2026