क्षेत्रीय
30-Mar-2026
...


नैनपुर (ईएमएस) । सत्य अहिंसा परमो धर्म के प्रणेता और दिन हीन सेवा का संदेश देने वाले भगवान महावीर स्वामी जी का सकल दिगम्बर व श्वेतांबर जैन समाज नैनपुर द्वारा जैन धर्म के 24 वे तीर्थंकर एवं वर्तमान जिन शासन-नायक भगवान महावीर के जन्म-कल्याणक महोत्सव का आयोजन बड़ी धूम-धाम से किया गया दिनांक 30/03/2026 दिन - सोमवार को महावीर जयंती पर सकल दिगम्बर व श्वेतांबर जैन समाज नैनपुर द्वारा प्रातः श्री-जी की शोभा यात्रा निकाली गई। जो स्थानीय जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए वापस जैन मंदिर पहुंची । शोभा यात्रा में समाज के सभी वर्ग के पुरूषों, महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान श्रीजी की जयकारा, भजन एवं आरती से सम्पूर्ण वातावरण जैन धर्ममय हो गया। मंदिर जी में श्रीजी का सामूहिक जलाभिषेक एवं आरती का कार्यक्रम रखा गया।दोपहर में समाज के युवा-वर्ग द्वारा वाहन रैली निकाली गई। साथ ही महावीर जयंती के उपलक्ष्य में जैन समाज द्वारा सरकारी व निजी अस्पताल जाकर मरीजों को फल वितरण किया गया। रात्रि काल में संगीतमय भव्य महा-आरती, भजन-संध्या एवं सांस्कृतिक-कार्यक्रम रखा गया जिसमें सभी लोगों ने बढ.-चढ.कर हिस्सा लिया। समस्त कार्यक्रमों को सानन्द सम्पन्न करवाने में समाज के वरिष्ठ जन सर्वश्री पूरनचंद जैन जैन रत्न का विशेष मार्ग दर्शन रहा। सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन मे समाज के सभी सदस्यों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। दिगम्बर जैन समाज नैनपुर कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यो का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। ईएमएस / 30/03/2026