राष्ट्रीय
30-Mar-2026


बस्ती,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के बस्ती जनपद में कुआनो और मनोरमा नदियों के पावन संगम तट पर लगने वाला पांच दिवसीय मनवर मेला इस वर्ष गुरुवार से प्रारंभ होगा। यह मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से व्यापारी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। मेले में दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें सजाने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन रहा है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, चैत्र शुक्ल चतुर्दशी के दिन भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण मिथिला से लौटते समय इस संगम तट पर रुके थे। यहां उन्होंने लिट्टी-चोखा का भोजन किया और रात्रि विश्राम किया। अगले दिन चैत्र पूर्णिमा को उन्होंने संगम में स्नान कर बाबा मोक्षेश्वर नाथ शिवलिंग की पूजा-अर्चना की थी। तभी से यह परंपरा चली आ रही है कि इस दिन संगम स्नान और शिव पूजा करने से सभी पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। आज भी श्रद्धालु चतुर्दशी के दिन संगम के घाटों पर लिट्टी-चोखा बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं, रात्रि विश्राम करते हैं और पूर्णिमा के दिन स्नान व पूजा कर पुण्य अर्जित करते हैं। इस वर्ष तिथियों में परिवर्तन के कारण 2 अप्रैल को संगम स्नान का विशेष महत्व बताया गया है। हालांकि, मेले की तैयारियों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। नदी में जलकुंभी और गंदगी फैली हुई है तथा घाटों की सफाई अभी तक नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और मेला समिति को व्यवस्थाओं पर अधिक ध्यान देना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आशीष दुबे / 30 मार्च 2026