राष्ट्रीय
30-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर कई कदम उठाए गए हैं और लगातार उठाए जा रहे हैं। हमारी रिफाइनरियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और कच्चे तेल का भंडार पर्याप्त है। हालांकि, कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी देखी गई है, जबकि अधिकांश रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं नागरिकों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। घरेलू बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रूपये प्रति लीटर की दर से उत्पाद शुल्क कम किया है। इसके अतिरिक्त, घरेलू बाजार में डीजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए निर्यात शुल्क भी लगाया गया है। प्राकृतिक गैस के मामले में, घरेलू उपभोक्ताओं और सीएनजी परिवहन के लिए 100% आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जबकि ग्रिड से जुड़े उद्योगों के लिए लगभग 80% आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सुबोध/३०-०३-२०२६