:: स्थानीय खिलाड़ियों ने घरेलू कोर्ट पर दिखाया दम, तीसरी वरीयता प्राप्त जान्या भंडारी उलटफेर का शिकार :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के टेनिस सितारों ने घरेलू कोर्ट पर अपना दबदबा दिखाते हुए इंदौर ओपन एशियन जूनियर अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट के पहले दिन शानदार जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश के हितार्थ सुराणा और वैदेही शिंदे ने अपने-अपने वर्गों में दमदार प्रदर्शन के साथ अगले दौर में प्रवेश कर स्थानीय चुनौती को मजबूती दी। इसी के साथ प्रतियोगिता में शीर्ष वरीयता प्राप्त देवांश कंबोज, तीसरी वरीयता प्राप्त अर्जुन दुआ और पांचवीं वरीयता प्राप्त प्रणव गायकवाड़ ने भी अपनी वरीयता के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन इंदौर टेनिस क्लब में सोमवार को भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय टेनिस संघ के महासचिव अनिल धूपर, टूर्नामेंट डायरेक्टर परीक्षित शर्मा और मुख्य रैफरी सुराजित बंदोपाध्याय भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुरभी शर्मा द्वारा किया गया। बालक एकल वर्ग के मुख्य दौर के मुकाबलों में मध्य प्रदेश के हितार्थ सुराणा ने घरेलू परिस्थितियों और वाइल्ड कार्ड का बेहतरीन उपयोग करते हुए क्वालीफाइंग दौर से मुख्य दौर में आए हर्षिव तेज को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से पराजित किया। इसी वर्ग में टूर्नामेंट के शीर्ष वरीय खिलाड़ी देवांश कंबोज ने मध्य प्रदेश के विहान नवाब को 6-1, 6-4 से मात दी। तीसरी वरीयता प्राप्त अर्जुन दुआ ने तेजस्व तेजस को 6-4, 6-3 से और पांचवीं वरीयता प्राप्त प्रणय गायकवाड़ ने अजैविक पुरी पर 6-0, 6-1 की एकतरफा जीत दर्ज की। अन्य मुकाबलों में के. रघुवंशी ने ईवान जैन को 6-1, 6-2 से, प्रयोग पटेल ने आवीर घुमारे को 7-5, 6-2 से, मुथु जयंथ ने जी. विश्वनाथन को 6-1, 6-2 से, आरीष दलवी ने मध्य प्रदेश के रूहान तलरेजा को 6-3, 6-2 से और जायेन मोहम्मद ने हारिस खान को 6-1, 7-5 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। बालिका एकल वर्ग में मध्य प्रदेश की वैदेही शिंदे ने अपनी लय बरकरार रखते हुए अलिरा सिमरा को एकतरफा मुकाबले में 6-2, 6-0 से शिकस्त दी और स्थानीय उम्मीदों को जीवित रखा। हालांकि, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर तीसरी वरीयता प्राप्त जान्या भंडारी की हार रही, जिन्हें शरन्या सावंत ने सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराकर स्पर्धा से बाहर कर दिया। छठीं वरीयता प्राप्त सारा फेंगसे और तान्या भटनागर के बीच हुए कड़े मुकाबले को सारा ने तीन सेटों में 6-2, 4-6, 6-0 से अपने नाम किया। चौथी वरीयता प्राप्त संरचना दास ने नीवा देसाई को 6-2, 6-4 से और आठवीं वरीयता प्राप्त अवनी पूनागंती ने मध्य प्रदेश की वैदेही शुक्ला को 6-4, 6-2 से हराकर स्पर्धा से बाहर किया। वहीं सान्वी मोहन ने अथर्वा पेरम को 6-4, 6-2 से, समाईरा जैन ने गार्गी ओक को 6-3, 6-3 से और खुशी बुध्या ने मध्य प्रदेश की आन्या राठी को 6-2, 6-2 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश सुनिश्चित किया। प्रकाश/30 मार्च 2026