- सार्वजनिक माफी की मांग करते पुलिस और कोर्ट कार्रवाई के साथ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी इन्दौर (ईएमएस) अखिल भारतीय कोली समाज शाखा मध्यप्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश वर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री ओमप्रकाश धीमान, शाक्यवार कोरी समाज के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरलाल सनोटिया, कोरी/कोली समाज के संयोजक कैलाशचंद्र चौधरी ने कहा है कि विवादित शिक्षक अवध ओझा द्वारा शाक्य कोली वंश के अग्रज भगवान बुद्ध के विरुद्ध की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी पर इसे करोड़ों बौद्ध अनुयायियों की आस्था पर चोट और मनुवादी मानसिकता का परिचायक बताते कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने चेतावनी देते स्पष्ट कहा है कि यदि ओझा सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके विरुद्ध कानूनी मोर्चा खोला जाएगा। अखिल भारतीय कोली समाज के मध्यप्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली बयान जारी करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी न केवल इतिहास और आध्यात्म का अपमान है, बल्कि यह जानबूझकर शांतिप्रिय समाज को उकसाने और चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा, भगवान बुद्ध के वंशज कोली समाज अपने महापुरुषों का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। संगठन ने शासन - प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। कोली समाज ने चेतावनी दी है कि तथाकथित शिक्षक अवध ओझा को अपनी टिप्पणी के लिए बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी होगी। माफी नहीं मांगने की स्थिति में पूरे प्रदेश और देश में कोली समाज के प्रदेश अध्यक्ष महेश उमरैया के नेतृत्व में जनांदोलन छेड़ा जाएगा। और समाज पुलिस प्रशासन में प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ-साथ न्यायालय की शरण भी लेगा। अवध ओझा जैसे तथाकथित बुद्धिजीवी को इतिहास का अध्ययन दोबारा करना चाहिए। बुद्ध केवल एक धर्म के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के प्रकाशपुंज स्तंभ हैं। उनके विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। आनंद पुरोहित/ 31 मार्च 2026