क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


- AK-47 के साथ पुलिस के सामने आए कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। दो इनामी नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है। सरेंडर करने वालों की पहचान हिड़मे और शंकर के रूप में हुई है, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, दोनों नक्सली एके-47 जैसे घातक हथियार के साथ सुरक्षा बलों के सामने पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह सरेंडर सरकार द्वारा तय नक्सलवाद समाप्ति की डेडलाइन के दिन हुआ है, जिसे सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कांकेर के जंगलों में अभी भी करीब 15 नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी है, जिनके खिलाफ अभियान जारी है। साथ ही नक्सलियों से लगातार अपील की जा रही है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें। आने वाले समय में और भी नक्सलियों के सरेंडर की उम्मीद जताई जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)31 मार्च 2026