- भाई-परिजनों ने ही दी सुपारी, 15 आरोपी गिरफ्तार मुंगेली(ईएमएस)। जिले में सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर सिंह राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का सगा भाई और परिजन ही निकले, जिन्होंने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए सुनियोजित साजिश रचकर सुपारी देकर हत्या कराई। पुलिस ने इस मामले में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना लालपुर क्षेत्र का है, जहां दामोदर सिंह के लापता होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और “त्रिनयन एप” की मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दामोदर और उसके बेटे के बीच चल रहे विवाद का फायदा उठाया। फिर दामोदर को बेटे से खतरा बताकर उसकी संपत्ति अपने नाम करा ली। बेटे को संपत्ति से वंचित करने के लिए फर्जी वचनपत्र भी तैयार किया गया। घटना के दिन आरोपियों ने दामोदर सिंह को सुनसान रास्ते में रोककर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे जिले के जंगल में दफना दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया, ताकि यह लगे कि वह साधु बन गया है। पुलिस ने मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 नाबालिगों को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। घटना में इस्तेमाल वाहन और सुपारी की रकम भी जब्त कर ली गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)31 मार्च 2026