- जन-सुनवाई से परवान चढ़ी यशस्वी की उम्मीद बेटी का सपना पूरा होने पर यशस्वी जन-सुनवाई में आभार जताने पहुँचीं ग्वालियर ( ईएमएस ) | जन-सुनवाई केवल समस्याओं के समाधान का मंच ही नहीं, बल्कि परिवारों की खुशी और संतोष का साक्षी भी बनती है। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार ऐसा ही सुखद दृश्य सामने आया। निंबाजी की खो, लश्कर निवासी श्रीमती यशस्वी गोस्वामी अपनी पुत्री कु. पिंकी के साथ जन-सुनवाई में पहुँचीं थीं। वे कोई शिकायत लेकर नहीं, बल्कि धन्यवाद व्यक्त करने आईं थीं। माँ-बेटी के चेहरे पर झलकती खुशी ने वहाँ मौजूद सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। श्रीमती यशस्वी गोस्वामी ने अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को धन्यवाद पत्र सौंपते हुए बताया कि जन-सुनवाई के माध्यम से उनकी बेटी का प्रवेश उसकी इच्छानुसार कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में संभव हो सका है। यशस्वी ने बताया कि पिछली जन-सुनवाई में उन्होंने आवेदन प्रस्तुत कर अपनी बेटी के एडमिशन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया था। जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप उनकी बेटी का दाखिला सुनिश्चित हो सका। इस सहयोग के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि जन-सुनवाई जैसी पहल आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस बार हुई कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में कुल 87 आवेदकों की समस्याएँ सुनी गईं। अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया व विनोद सिंह, एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह, एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता तथा एसडीएम ग्वालियर सिटी प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने सभी आवेदनों की क्रमवार सुनवाई की । साथ ही आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। प्राप्त आवेदनों में से 42 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि शेष 45 आवेदन संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के लिए सौंपे गए। जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, विद्युत एवं पुलिस विभाग से जुड़ी समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं। जमीन संबंधी मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया, वहीं नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी गई। जन-सुनवाई ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का यह माध्यम न केवल समस्याओं का समाधान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के सपनों को भी साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।