रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने टैक्स बकाया वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए होलीक्रॉस के दो स्कूलों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई जोन क्रमांक 4 के राजस्व विभाग ने निगम आयुक्त के निर्देश पर की। नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप के अनुसार, होलीक्रॉस स्कूल बैरनबाजार पर करीब 34 लाख रुपए और होलीक्रॉस स्कूल शैलेन्द्र नगर पर लगभग 24 लाख रुपए का टैक्स बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर निगम की टीम ने दोनों स्कूलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं कार्रवाई की जानकारी मिलते ही होलीक्रॉस स्कूल कांपा प्रबंधन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए अपना पूरा बकाया जमा कर दिया, जिसके चलते उस पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और टैक्स नहीं चुकाने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)31 मार्च 2026