रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश में सरकार की वित्तीय स्थिति को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने आरोप लगाया है कि खराब वित्तीय प्रबंधन के कारण राज्य में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे-छोटे भुगतान भी करने में असमर्थ है, जिसके कारण ठेकेदार अब सरकारी काम करने से बच रहे हैं। राजपूत के अनुसार, पिछले दो वर्षों में सरकार ने भारी कर्ज लिया है, लेकिन इसके बावजूद कोई बड़े निर्माण कार्य नहीं हुए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार की 17 जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया, फिर भी राज्य की आर्थिक स्थिति सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। पंचायतों को बुनियादी कार्यों के लिए फंड नहीं मिल पा रहा है और वे लंबे समय से बजट का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि पीएचई विभाग के एक ठेकेदार ने काम पूरा करने के बाद भी भुगतान न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। इस मामले में सरकार द्वारा अधिकारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। वंदना राजपूत ने दावा किया कि लगभग सभी विभागों में यही स्थिति है और वित्तीय कमी के कारण निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। सड़कों और नालियों जैसे बुनियादी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/31 मार्च 2026