क्षेत्रीय
31-Mar-2026


अशोकनगर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग की नीलामी में अशोकनगर के युवा खिलाड़ी अक्षत रघुवंशी को रीवा जगुआर टीम ने 13.80 लाख रुपए में खरीदा है। यह नीलामी में उन पर लगी दूसरी सबसे बड़ी बोली थी। अक्षत रघुवंशी का क्रिकेट करियर लगातार प्रगति पर है। इससे पहले उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2.20 करोड़ रुपए में शामिल किया था, जबकि उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपए था। यह उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का परिणाम है। मध्य प्रदेश लीग 2025 में अक्षत ने इंदौर पिंक पैंथर्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने केवल 4 मैचों में 239 रन बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल था। इस प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट के चुनिंदा शतकवीरों में से एक बना दिया। गौरतलब है कि पिछली नीलामी में अक्षत पर किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई थी। हालांकि, उनके हालिया प्रदर्शन ने स्थिति बदल दी है। रीवा जगुआर द्वारा खरीदे जाने के बाद अब टीम को उनसे महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीदें हैं। ईएमएस/मोहने/ 31 मार्च 2026