लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के हजारों गांवों में जल्द ही सार्वजनिक परिवहन के रूप में मिनी बसों की सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत ग्रामीण मार्गों पर मिनी बसें चलाने के लिए परिवहन निगम के सभी 20 क्षेत्रों से आवेदन मांगे गए थे। 28 मार्च तक चली इस आवेदन प्रक्रिया में विभाग को प्रदेश भर से लगभग 1010 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि अप्रैल माह में चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आगामी मई माह से ग्रामीण क्षेत्रों में इन बसों का विधिवत संचालन शुरू कराने की तैयारी है। आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 144 आवेदन सहारनपुर क्षेत्र से और प्रयागराज से 118 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वाराणसी से 90, अलीगढ़ से 87 और मुरादाबाद से 78 आवेदकों ने इस योजना में अपनी रुचि दिखाई है। इसके अलावा लखनऊ से 42, आगरा से 38 और मेरठ क्षेत्र से 36 आवेदन विभाग को मिले हैं। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस योजना से जुड़े कार्यों को पूरी गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से प्रदेश की कुल 59,163 ग्राम पंचायतों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। प्रथम चरण में करीब 12,200 गांवों में निजी मिनी बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश सरकार की मंशा इन ग्रामीण मार्गों पर 15 से 28 सीट क्षमता वाली मिनी बसें चलाने की है। जितेन्द्र 31 मार्च 2026