राज्य
31-Mar-2026
...


दमोह (ईएमएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रदेश एवं जिला कॉग्रेस कमेटी के आवाहन पर पथरिया शरह एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक ज्ञापन राज्यपाल के नाम सौंपा गया। यह ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पथरिया के माध्यम से प्रेषित किया गया, जिसमें बिजली दरों में वृद्धि, किसानों के बकाया भुगतान, तथा पेट्रोल-डीजल और गैस से जुड़ी समस्याओं पर चिंता जताई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार द्वारा 1 अप्रैल से बिजली दरों में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है, जिससे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। साथ ही किसानों के क्रेडिट कार्ड के बकाया भुगतान की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि अभी तक समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। ऐसे में किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को मजबूरी में बाजार से कर्ज लेकर बकाया राशि जमा करनी पड़ रही है। वहीं पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता को लेकर भी अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं: बढ़ाई गई बिजली दरों को तत्काल वापस लिया जाए किसानों के क्रेडिट कार्ड के बकाया भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मई की जाए। पेट्रोल, डीजल और गैस की समस्याओं का समाधान कर कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए। गैस एजेंसियों पर भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए पिछले तीन माह से लंबित पेंशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन देते समय पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, शहर अध्यक्ष रत्नेश सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष विक्रम सिंह, पीर अली पार्षद, शुभम पार्षद, गणेश कुशवाहा, पिंकी दुबे, अमित ताम्रकार, पूरन कुशवाह, श्रीधन सुमन, राजू अहिरवार, सोनू गायकवाड, संजय पटेल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।