नरसिंहपुर, (ईएमएस)।. राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में पुस्तक मेले का आयोजन 3 अप्रैल से 7 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रारंभ में विद्यार्थियों को पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते आदि सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला समिति नरसिंहपुर श्रीमती रजनी सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि जिले के अशासकीय विद्यालयों द्वारा पालकों पर पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफार्म, शूज इत्यादि किसी विशेष दुकान अथवा विद्यालयों से क्रय किए जाने के लिए बाध्य, तो नहीं किया जा रहा है। साथ ही इसकी मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तर पर विभिन्न कमेटियों का गठन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त प्राचार्य/ प्रबंधक अशासकीय विद्यालय, सीबीएसई, स्टेट बोर्ड व अन्य बोर्ड नरसिंहपुर को निर्देशित किया है कि वे अपने विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों एवं पालकों को पुस्तक मेला आयोजन में सामग्री क्रय करने के लिए सूचित करें। जारी आदेश के अनुसार मप्र बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएससी एवं अन्य बोर्ड, समस्त अशासकीय विद्यालयों के लिये मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 एवं मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) नियम 2020 प्रभावशील है। नियम 2020 के प्रावधानों के अनुसार निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र या अभिभावकों को पुस्तकें, यूनिफॉर्म, टाई, जूते, कॉपी आदि केवल चयनित विक्रेताओं से क्रय करने के लिए औपचारिक अथवा अनौपचारिक, किसी भी रुप में बाध्य नहीं किया जायेगा। छात्र या अभिभावक इन सामग्रियों को खुले बाजार से क्रय करने के लिये स्वतंत्र होंगे। मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 एवं मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) नियम 2020 के प्रावधानों का सम्यक रुप से पालन हो, इसके लिए विगत सत्र की भांति इस सत्र में भी पुस्तक मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिले के विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत शासकीय नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर में 3 अप्रैल को, गोटेगांव के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव में 4 अप्रैल को, करेली के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या करेली में 5 अप्रैल को, सांईखेड़ा- चीचली के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बीटीआई) गाडरवारा में 6 अप्रैल को और चांवरपाठा के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या तेंदूखेड़ा में 7 अप्रैल को पुस्तक मेलों का आयोजन किया जाएगा। पुस्तक मेले के लिए लिए गठित आयोजन समिति विद्यार्थियों द्वारा क्रय की जाने वाली पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफार्म, शूज आदि उचित मूल्य पर सुलभ कराए जाने के लिए संबंधित सभी व्यापारियों को पुस्तक मेले में उपस्थित होने के लिए सूचित करें और संबंधित प्राचार्य आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी तहसीलदार की अध्यक्षता में अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य/ संचालक एवं व्यापारियों की बैठक आयोजन कर विद्यार्थियों/ पालकों को प्रिंट दर से कम से कम 10 प्रतिशत छूट देने की सहमति दिलाए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक पुस्तक मेला आयोजन का व्यापक रूप से प्रचार- प्रसार करना सुनिश्चित करें। ईएमएस/ राहुल वासनिक/ 31 मार्च् 2026