क्षेत्रीय
31-Mar-2026


शोभायात्रा जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट कलेक्टर श्रीमती सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा ने किया रूट का निरीक्षण नरसिंहपुर (ईएमएस)1 कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने एक अप्रैल 2026 को नरसिंहपुर नगर में निकलने वाले सदर देवी मंदिर में स्थापित 851 जवारों के शोभायात्रा को लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान भारी वाहनों का प्रवेश नगर में वर्जित रहेगा। जवारों की विसर्जन शोभायात्रा सदर देवी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर पालिका चौराहा, सुभाष पार्क चौराहा, पुराने बस स्टैंड, श्याम टॉकीज रोड, सुनका तिराहा, पुत्री शाला होते हुए राम मंदिर चौक, सिंहपुर चौराहा, शनिचरा बाजार से गुजरते हुए पुनः सुभाष पार्क चौराहा पर आकर समाप्त होगा। इस अवसर पर 851 घट जवारों का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि जुलूस में महिलाएं तीन-तीन लाइनों में शामिल होंगी तथा उनके साथ सड़क के दोनों ओर वालेंटियर्स तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जुलूस के दौरान लगभग 200 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, नियंत्रण, विभिन्न स्थानों पर लगने वाले भंडारों एवं स्वागत स्थलों आदि की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि जुलूस के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीएमओ नगर पालिका को निर्देश दिए कि शोभायात्रा के पश्चात तत्काल साफ-सफाई की जाए। शोभायात्रा के साथ एम्बुलेंस और पुलिस वाहन गश्ती पर रहेंगे। इस दौरान एसडीएम श्री मणिन्द्र कुमार सिंह, यातायात निरीक्षक श्रीमती ममता तिवारी, सीएमओ नगर पालिका नरसिंहपुर श्री नीलम चौहान, नगर निरीक्षक कोतवाली श्री गौरव चाटे, आयोजन समिति के अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, श्री विकास नेमा, श्री संदीप राजपूत एवं अन्य सदस्य भी मौजूद थे। ईएमएस/ मेरावी/ 31 मार्च 2026