क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


पीजी कॉलेज में हुआ आयोजन बालाघाट (ईएमएस). पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा ३० मार्च को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वर्तमान एवं भविष्य की नवाचार संभावनाएं विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के संरक्षण, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. सीमा श्रीवास्तव, एआई कोर्स के नोडल अधिकारी डॉ. विनोद आड़े तथा कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. सीएम चौरे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्राचार्य डॉ. मराठे ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई मानव बुद्धि की क्षमताओं को मशीनों के माध्यम से विकसित करने की प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि आज एआई केवल कंप्यूटर साइंस तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, बैंकिंग एवं अनुसंधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक रूप से उपयोगी सिद्ध हो रहा है। वेबिनार के प्रथम मुख्य वक्ता कौस्तुभ जुमले (रिसर्च एसोसिएट, एमिटी यूनिवर्सिटी, राजस्थान) ने शोध के क्षेत्र में एआई के उपयोग एवं प्रभावी प्राम्ट डिजाइन के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही तरीके से एआई टूल्स का उपयोग शोध कार्य को अधिक तेज, सटीक एवं प्रभावी बना सकता है। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एनएम कुरेशी, डॉ. सुप्रिया बिसेन, प्रो. अतुल मेश्राम, प्रो. रविशंकर मडावे, प्रो. द्विकल यादव सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वेबिनार का सफल संचालन डॉ. सुप्रिया बिसेन द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. अतुल मेश्राम ने व्यक्त किया। इस वेबिनार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीकों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भानेश साकुरे / 31 मार्च 2026