भगवान हाटकेश्वर जन्मोत्सव श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभाव के साथ संपन्न भोपाल (ईएमएस) । जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में भगवान हाटकेश्वर जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रात: 9:30 बजे से भगवान हाटकेश्वर जी का विधि-विधान से अभिषेक, पूजन, आरती एवं भजन-कीर्तन दशोरा नागर समाज के महिला एवं पुरुष भक्तों द्वारा संपन्न किया गया। इसके उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। इसी क्रम में गुरुवार को सूर्योदय के पावन बेला में रामसेवक महावीर हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विराजमान बाल स्वरूप हनुमान जी का विशेष श्रृंगार, अभिषेक, पूजन, हवन एवं आरती की जाएगी। साथ ही 11 बार हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर सायं 5:00 बजे से हनुमान चालीसा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्य एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। मंदिर के पट प्रात: 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भक्तों के दर्शनार्थ खुले रहेंगे। आशीष पाराशर, ०१ अप्रैल, २०२६