राज्य
01-Apr-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेल ने ‘यात्री ऐप’ के साथ अपने सहयोग के विस्तार की घोषणा की है। यह प्लेटफॉर्म मुंबई रेल नेटवर्क के यात्रियों को विश्वसनीय ट्रेन जानकारी उपलब्ध कराने के अपने निरंतर प्रयासों के लिए पहचाना गया है। लगभग 5 वर्ष पूर्व शुरू हुई इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य उपनगरीय रेल यात्रियों को सटीक एवं रीयल-टाइम ट्रेन जानकारी उपलब्ध कराना रहा है। यह सहयोग अप्रैल 2021 में 5 वर्षों की अवधि के लिए प्रदान किए गए टेंडर के माध्यम से औपचारिक रूप से स्थापित किया गया था। इस मजबूत एवं प्रभावी साझेदारी के परिणामस्वरूप अब इसे आगे बढ़ाकर मार्च 2031 तक विस्तारित कर दिया गया है। ‘यात्री ऐप’ के माध्यम से मध्य रेल को लाइसेंस शुल्क के रूप में प्रतिवर्ष 22.05 लाख रूपये का राजस्व भी प्राप्त हो रहा है। मुंबई का उपनगरीय रेल नेटवर्क विश्व के सबसे व्यस्त शहरी रेल तंत्रों में से एक है, जो प्रतिदिन लाखों यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। मध्य रेल और ‘यात्री ऐप’ के बीच यह साझेदारी सुनिश्चित करती है कि यात्रियों को लाइव ट्रेन लोकेशन, देरी की सूचना तथा प्लेटफॉर्म अपडेट जैसी सटीक एवं समय पर जानकारी प्राप्त हो सके। इस सहयोग के दौरान ‘यात्री ऐप’ ने स्थानीय ट्रेनों में स्थापित जीपीएस उपकरणों से प्राप्त लाइव ट्रेन लोकेशन डेटा का उपयोग संभव बनाया है, जिससे प्रतिदिन 25 लाख से अधिक यात्रियों को सहायता मिल रही है। इससे यात्रियों को अपने सफर से संबंधित बेहतर निर्णय लेने में मदद मिली है तथा शहर की बस सेवाओं एवं मुंबई मेट्रो जैसे अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। यह पहल तकनीक के माध्यम से यात्री सूचना सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रति मध्य रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ‘यात्री ऐप’ जैसे प्लेटफॉर्म को समर्थन देकर मध्य रेल का उद्देश्य यात्रियों को रीयल-टाइम एवं सत्यापित यात्रा जानकारी अधिक सुलभ बनाना है। मध्य रेल यात्री सूचना सेवाओं में सुधार तथा सेवा की विश्वसनीयता बढ़ाने हेतु डिजिटल समाधान अपनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ‘यात्री ऐप’ के साथ 2031 तक विस्तारित यह साझेदारी मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क को अधिक कुशल, पारदर्शी एवं यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक साझा प्रयास को दर्शाती है। संतोष झा-०१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस