क्षेत्रीय
01-Apr-2026


बालाघाट (ईएमएस). विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए निर्धारित एसओपी जारी की गई है। राज्य शासन द्वारा उपार्जन तिथि को संशोधित करते हुए इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गेहूं खरीदी 10 अप्रैल से और शेष संभागों में 15 अप्रैल से की जाएगी। जबलपुर संभाग के जिलों में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 15 अप्रैल से शुरू होगी। बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए 4388 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए 13 केन्द्र बनाये गये हैं और उनमें गेहूं की खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कृषि उपज मंडियों में होगी सरसो की खरीदी मध्यप्रदेश शासन ने सरसों उत्पादक किसानों को राहत देते हुए भावांतर भुगतान योजना के तहत सरसों की खरीदी की तिथि में बदलाव किया है। पहले यह खरीदी 1 अप्रैल से प्रारंभ होना निर्धारित थी, अब इसे आगे बढ़ाकर 16 अप्रैल से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जारी निर्देश के अनुसार, नई तिथि से प्रदेश के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीदी की जाएगी। इस निर्णय से किसानों को अपनी उपज की बेहतर तैयारी और विक्रय के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि बालाघाट जिले में भावांतरण योजना में सरसों के विक्रय के लिए 2154 किसानों का पंजीयन किया गया है। भावांतरण योजना में सरसों की खरीदी जिले की 7 कृषि उपज मंडी में की जाएगी। सरसों का समर्थन मूल्य 6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। भावांतरण योजना में सरसों की खरीदी के लिए जिले के मंडी स्तरीय केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भावांतर योजना में सरसों की खरीदी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में की जाएगी और नीलामी के दौरान व्यापारियों द्वारा बोली लगाने की सम्पूर्ण कार्यवाही की वीडियोग्राफी की जाएगी। भावांतर भुगतान योजना के तहत किसानों को बाजार भाव और समर्थन मूल्य के अंतर की राशि का भुगतान किया जाता है, जिससे उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। सरकार के इस निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भानेश साकुरे / 01 अप्रैल 2026