क्षेत्रीय
01-Apr-2026


जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए द्वितीय बैच का प्रशिक्षण जारी नरसिंहपुर, (ईएमएस)।.. कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्यक्रम निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। जनगणना किसी देश में एक निश्चित समय पर प्रत्येक परिवार और प्रत्येक व्यक्ति की आधिकारिक पूर्ण गणना है। जनगणना के दौरान महत्वपूर्ण आंकडे शामिल होते हैं, इसमें सावधानी पूर्वक कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त फील्ड ट्रेनर्स गहनता और सूक्ष्मता से प्रशिक्षण प्राप्त करें, जिससे मैदान स्तर पर नियुक्त प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जा सके। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 31 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक जनपद पंचायत नरसिंहपुर के परिसर में स्थित ई-दक्ष केन्द्र में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि नियुक्त प्रगणक आमजन को अवगत कराना सुनिश्चित करें कि संकलित की गई जानकारियां गोपनीय रहेंगी। इन्हें कहीं पर भी साक्ष्य के लिए उपयोग नहीं किया जायेगा। इससे शासकीय योजना के हितलाभ भी प्रभावित नहीं होंगे। उक्त प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 31 मार्च एवं द्वितीय दिवस एक अप्रैल को जिले के मास्टर ट्रेनर्स श्री भगवानदास कोष्टी एवं श्री गजेन्द्र कुमार सिंह द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना 2027 हेतु मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण उपरांत नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाईजर्स को प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती देवंती परते, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी सुश्री लता बान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री विकास तिवारी एवं जनगणना प्रभारी सुश्री श्रुति पाटीदार, ई-दक्ष केन्द्र के प्रशिक्षक श्री इंद्रश यादव व श्री राहुल सोनी तथा समस्त प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे।