मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ किया नरसिंहपुर, (ईएमएस)।. प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बुधवार को स्कूल चलें हम अभियान के तहत सांदीपनि एसडीएम स्कूल नरसिंहपुर में प्रवेशोत्सव 2026 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्कूल की घंटी बजाकर प्रवेश उत्सव का शुभारंभ किया। मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर व पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं नि:शुल्क साईकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने देखा और सुना। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों स्कूल में पढ़ाई करों, खेल-कूद करों और गुरूजनों का सम्मान करों। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत सभी बच्चों को कक्षाओं में प्रवेश दिलाया जाएगा। अब सांदीपनि स्कूल में सम्पन्न और आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के बच्चे सहजता से पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्कूल में पहले दिन से ही पढ़ाई, खेल-कूद और भोजन जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इससे बच्चे स्कूल में नियमित रूप से उपस्थित होंगे। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम में अपने छात्र जीवन के प्रेरणादायी पल साझा किए। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि बच्चे पढ़ाई, खेल-कूद आदि स्कूल में ही सीखते हैं। अपने मन में जो बनने की इच्छा होती है, तो उसे पूरा करें। विद्यार्थियों की सफलता पर माता-पिता से ज्यादा शिक्षक खुश होते हैं। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल चलें हम अभियान का उद्देश्य स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि जीवन में शिक्षा का अत्यधिक महत्व है, शिक्षा से ही हमारा जीवन सरल व सम्मानजनक होता है। कक्षा में प्रवेश करने पर बच्चों के विकास के द्वार खुलेंगे। सभी बच्चे पढ़ाई करें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें। अपने-अपने सपनों को पूरा करने के लिए शिक्षा का अत्यधिक महत्व है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्कूलों को सुविधा, सम्पन्न बनाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को स्कूलों में खेल-कूद, शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से हम आगे बढ़ते हैं और विभिन्न पदों पर पदस्थ होकर देश व समाज की सेवा करते हैं। आयोजित कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, श्री सुनील कोठारी, श्री अंशुल नेमा, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी व उनके अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।