क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। थाना रामगढ़ पुलिस ने युवक चन्दन की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 30/31 मार्च 2026 की रात थाना रामगढ़ क्षेत्र में हुई थी, जहां सांती रोड स्थित एक ईंट भट्ठे के पास चन्दन का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान उसके पिता महेश ने की थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। - हत्या की वजह जांच में सामने आया कि मृतक चन्दन शराब के नशे में आरोपियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। इतना ही नहीं, वह आरोपियों के घर की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां भी करता था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। - ऐसे हुई गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने मुखबिर की सूचना पर 1 अप्रैल 2026 को ममता डिग्री कॉलेज अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तेजवीर, समीर और ललित उर्फ सिंटू उर्फ बीटा शामिल हैं, जो सभी सैलई गांव के रहने वाले हैं। - बरामदगी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से — हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल (UP-83-BB-6001), घटना के समय पहने गए कपड़े, बरामद किए हैं। - आगे की कार्रवाई पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। ईएमएस