खरगोन (ईएमएस)। प्रदेश के कद्दावर नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री रहे स्व.सुभाष यादव का 80 वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बोरावां में भक्ति दिवस के रुप में मनाया गया। यहां जिले, प्रदेश सहित राष्ट्रीय पदाधिकारी भी पहुंचे और स्व. यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अरुण यादव ने कहा कि बाबूजी स्व.सुभाष यादव ने निमाड़ के खेतों में सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी पहुंचाकर, सहकारी आंदोलन के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर और निमाड़ अंचल को समृद्धशाली बनाया है।उन्होनें आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार किसान विरोधी है। आज किसान अपनी उपज गेंहूं, चना, मक्का, सरसों और अन्य को समय पर समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं होने के कारण औने.पौने दाम पर बेचने पर मजबूर है।मप्र के कृषि मंत्री रहे कसरावद के विधायक और स्व. सुभाष यादव के छोटे बेटे सचिन यादव ने अपने पिताश्री का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि श्रद्धेय बाबूजी द्वारा मप्र में खड़े किये गये सहकारी आंदोलन को भाजपा की सरकार ने तहस नहस कर दिया है। उनके जन्मदिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि सहकारी आंदोलन को मप्र में पुर्नजीवित करेंगें। विशेष रूप से उपस्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि सुभाष यादव ने किसानों की इस धरती को ज्ञान, विज्ञान अनुसंधान और सहकारिता का देश में प्रमुख केन्द्र बनाया है। उनके किसानों की समृद्धि और विकास के योगदान को युगों तक याद किया जाएगा। स्व. सुभाष यादव की धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव, भाई राजेन्द्र यादव, हर्षवर्धन यादव, डॉ. नम्रता यादव, श्रीमती विनिता यादव सहित सभी परिजनों और विधायक केदार सिंह डावर ने पितृ पुरूष स्व. सुभाष यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मारूति रामायण मण्डल ने भजन- कीर्तन कर सुंदरकाण्ड का पाठ किया गया। ईएमएस/मोहने/ 01 अप्रैल 2028